‘सरकार पूरी तरह तैयार, पंचायत चुनाव पर कोर्ट का आदेश मानेंगे’, ओमप्रकाश राजभर

‘सरकार पूरी तरह तैयार, पंचायत चुनाव पर कोर्ट का आदेश मानेंगे’, ओमप्रकाश राजभर

अतरौलिया। पंचायत चुनाव को लेकर जारी कानूनी प्रक्रिया के बीच प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शुक्रवार को निरीक्षण भवन में जनसुनवाई के दौरान पत्र प्रतिनिधियो से बातचीत में स्पष्ट किया कि पंचायत चुनाव को लेकर सरकार पूरी तरह तैयार है और अदालत के निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है, ऐसे में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जो भी निर्देश देंगे, सरकार उसी के अनुरूप आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग उनके पास होने के कारण उन्हें जमीनी तैयारियों की पूरी जानकारी है और चुनाव कराने को लेकर सरकार गंभीर है।

इस दौरान उन्होंने अनिल राजभर के हालिया बयानों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए तंज कसा। मंत्री ने कहा कि वह अभी राजनीति में नए हैं और अनुभवहीन हैं, जबकि हम उनके चाचा हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग और न्यायालय के निर्देशों में सामंजस्य है और सरकार का रुख पहले से स्पष्ट रहा है।

आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में सपा विधायक के गनर द्वारा अवैध असलहा लहराने के मामले पर मंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अपराधियों को संरक्षण देने वाली पार्टी है। जब जनप्रतिनिधि खुद ऐसे लोगों को बढ़ावा देते हैं, तो इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।

उन्होंने मांग की कि इस प्रकरण में केवल गनर ही नहीं, बल्कि संबंधित विधायक की भूमिका की भी जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए। ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सपा अभी भी अपनी पुरानी कार्यशैली से बाहर नहीं निकल पाई है और कानून व्यवस्था को लेकर उसकी मानसिकता पर सवाल खड़े होते हैं।