किसानों को आसानी से दे सकती है सरकार 600 रूपये प्रति कुन्तल गन्ना मूल्य : वर्मा

किसानों को आसानी से दे सकती है सरकार 600 रूपये प्रति कुन्तल गन्ना मूल्य : वर्मा
सहारनपुर में किसानों की बैठक को संबोधित करते पप्रमुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा

सहारनपुर। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ.भगत सिंह वर्मा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रूपये कुन्तल तत्काल घोषित करें। उन्होंने कहा कि मोर्चा सभी किसान संगठनों को साथ लेकर उनकी लड़ाई मजबूती के साथ लडऩे का काम करेगा।

भगत सिंह वर्मा आज यहां गन्ना समिति प्रांगण में गन्ना किसानों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चीनी मिले गन्ना किसानों को एक वर्ष बाद भी गन्ने का भुगतान नहीं कर रही है और नियमानुसार गन्ना किसानों को 15 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी नहीं मिल रहा है, जिसके कारण गन्ना किसान भारी आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है और अपने बच्चों की शादी भी नहीं कर पा रहा है और उनकी स्कूल फीस भी देने में असमर्थ है। श्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश की चीनी मिलों पिछले वर्ष 3 हजार करोड़ रूपये गन्ना मूल्य भुगतान व 4 हजार करोड़ रूपये ब्याज बकाया है।

उन्होंने कहा कि जिले की चीनी मिलों पर 200 करोड़ रूपये गन्ना भुगतान व 300 करोड़ रूपये ब्याज का बकाया है। उन्होंने कहा कि जिस दिन सरकार चीनी मिलो से किसानो को गन्ना ब्याज का भुगतान करा देगी, उस दिन प्रदेश की एक भी चीनी मिल किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान एक भी दिन नहीं रोक पायेगी। उन्होंने केन्द्र व प्रदेश की सरकारो को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि हम आसानी से किसानों को 600 रूपये कुन्तल गन्ने का मूल्य नकद दिला सकते है। उन्होंने कहा कि 1967 में उत्तर प्रदेश में चौधरी चरण सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में गन्ने का रेट 12 रूपये कुन्तल था, उसी समय प्राइमरी स्कूल के अध्यापक का वेतन 70 रूपये प्रतिमाह था, जो आज 70 हजार रूपये प्रतिमाह से भी अधिक है। इस हिसाब से गन्ने का रेट भी 12 हजार रूपये प्रति कुन्तल होना चाहिए। उन्होंने केन्द्र व प्रदेश सरकार से गन्ना किसानों की इस भारी लूट पर श्वेत पत्र जारी कर किसानों से काफी मांगने की मांग की।

बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी व संचालन प्रदेश महामंत्री आसिफ मलिक ने किया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ.पहल सिंह सैनी, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष धीरेन्द्र चौधरी एडवोकेट, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फिरोज खान, उत्तराखण्ड प्रदेश अध्यक्ष स.अर्जुन सिंह, गुरविन्दर सिंह, अभिमन्यु त्यागी, हाजी सुलेमान, हाजी साजिद, रविन्द्र प्रधान, नरेश कुमार एडवोकेट ने भी विचार व्यक्त किये।

 

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे