गणपति पूजा से सभी समस्याओं का समाधान: कालेंद्रानंद महाराज
सहारनपुर। राधा विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में गणेश महोत्सव के अंतर्गत गणपति पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश का पूजन किया। गणपति की प्रतिमा का महा स्नान कराने के बाद मोदक का भोग लगाया गया और आरती की गई।
स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने गणपति पूजा की महिमा बताते हुए कहा कि भगवान गणपति विघ्नहर्ता होने के साथ-साथ जीवन में संतुलन स्थापित करने वाले देव हैं। उन्होंने कहा कि गणपति की आराधना से मनुष्य को विभिन्न प्रकार के कष्टों से मुक्ति का मार्ग मिलता है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार हल्दी से भगवान गणपति का स्नान कराने से रोगों से मुक्ति की कामना की जाती है, जबकि कुमकुम और लाल चंदन से स्नान कराने से शौर्य, पराक्रम और कीर्ति की प्राप्ति मानी जाती है। गणपति को मां भगवती का प्रत्यक्ष अंश बताते हुए उन्होंने कहा कि भगवान गणेश की शरण में रहकर जीव देहिक, दैविक और भौतिक कष्टों से मुक्ति तथा पापों से छुटकारे की कामना कर सकता है।
महाराज ने कहा कि गणपति ब्रह्म ऊर्जा के स्वरूप हैं और उनकी आराधना जीव को आध्यात्मिक मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। गणपति पूजा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर रमेश चंद्र शर्मा, अश्विनी कांबोज, सागर गुप्ता, अनिल कश्यप, मीनाक्षी, सुचेता, बबीता, रीना, शारदा, करुणा, पूनम, रेखा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
