जिला जज, डीएम और एसएसपी ने जिला कारागार का किया निरीक्षण

जिला जज, डीएम और एसएसपी ने जिला कारागार का किया निरीक्षण
सहारनपुर में जिला कारागार का निरीक्षण करने के बाद बाहर आते जिला जज, जिलाधिकारी एवं एसएसपी।

बंदियों से संवाद कर सुविधाओं की ली जानकारी, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

सहारनपुर। जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने गुरुवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बंदियों से संवाद किया और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने बंदियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि किसी भी बंदी को विधिक अथवा कानूनी सहायता की आवश्यकता हो तो वह बिना किसी संकोच के अपनी समस्या बता सकता है। शासन की ओर से पात्र बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

अधिकारियों ने जिला कारागार के चिकित्सालय, मैस और विभिन्न बैरकों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जेल प्रशासन से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु परिसर के अंदर नहीं पहुंचनी चाहिए। साथ ही कारागार परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित जेल एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply