दीपावली पर सहारनपुर में पांच स्थानों पर सजेगा पटाखा बाजार, 169 अस्थायी दुकानों को मिली मंजूरी
सहारनपुर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए जिला प्रशासन ने पटाखों की बिक्री के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर में आतिशबाजी की अस्थायी दुकानें लगाने के लिए पांच स्थान निर्धारित किए गए हैं। इन स्थानों पर 6 से 8 नवंबर तक पटाखा बाजार लगाया जाएगा। प्रशासन ने कुल 169 अस्थायी दुकानों के लिए व्यवस्था की है।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) लवी त्रिपाठी ने बताया कि महाराज सिंह कॉलेज के मैदान में सबसे अधिक 45 दुकानें लगाई जाएंगी। इसके अलावा जेवी जैन डिग्री कॉलेज मैदान में 36, जीजीआईसी मैदान (बेहट रोड) पर 26, सर्किट हाउस के सामने 37 और आईटीआई दिल्ली रोड के खाली मैदान में 25 दुकानें आवंटित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि पुराने लाइसेंसधारकों के लिए निर्धारित स्थानों पर दुकानें आरक्षित रखी जाएंगी, जबकि बाकी दुकानों का आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। जीजीआईसी मैदान और सर्किट हाउस के सामने स्थित बाजार में केवल पुराने लाइसेंसधारकों को ही दुकानें आवंटित की जाएंगी।
प्रशासन ने सभी लाइसेंसधारकों को निर्देश दिए हैं कि उन्हें अपनी दुकानों पर स्वयं मौजूद रहकर ही कारोबार करना होगा। निर्धारित स्थानों पर पटाखा बाजार लगाने की व्यवस्था का उद्देश्य दीपावली के दौरान आतिशबाजी की बिक्री को व्यवस्थित रखना है।
