इलाज में लापरवाही का आरोप, किसानों ने CMO कार्यालय पर दिया धरना
कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी, डिप्टी CMO के जांच के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
सहारनपुर। उपचार में लापरवाही की शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज किसान सेना से जुड़े किसानों ने मंगलवार को सीएमओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। काफी देर तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की चेतावनी दी, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
समाजसेवी कमल गुर्जर और किसान संगठन के पदाधिकारियों के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने आरोप लगाया कि हरिद्वार जिले के पाम टिकौला कला निवासी 22 वर्षीय जीत सिंह को अंडकोष में सूजन और समस्या होने पर 25 मई 2026 को सहारनपुर में चिकित्सक डॉ. आरएन बंसल से उपचार कराया गया था। आरोप है कि चिकित्सक ने उनका ऑपरेशन किया, जिस पर करीब 95 हजार रुपये खर्च हुए।
जीत सिंह के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद भी अंडकोष की सूजन दूर नहीं हुई। कई बार चिकित्सक को समस्या से अवगत कराने पर उन्हें सूजन कम होने में समय लगने की बात कहकर आश्वस्त किया गया। इसके बाद 10 अगस्त को रुड़की में डॉ. अनुराग गर्ग से जांच कराने पर कथित तौर पर उन्हें बताया गया कि ऑपरेशन में लगाई जाने वाली जाली नहीं लगाई गई, जिसके कारण समस्या बनी हुई है और दोबारा ऑपरेशन की जरूरत पड़ सकती है।
मामले में जीत सिंह ने सीएमओ से शिकायत कर संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। किसानों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में मंगलवार को धरना दिया गया।
आत्मदाह की चेतावनी की सूचना मिलते ही डिप्टी सीएमओ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है और संबंधित चिकित्सक के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। शिकायतकर्ता के बयान 29 अगस्त को होने थे, लेकिन सूचना नहीं मिल पाने के कारण बयान दर्ज नहीं हो सके। अब 10 सितंबर को शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए जाएंगे।
डिप्टी सीएमओ ने आश्वासन दिया कि बयान दर्ज होने के बाद जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और धरना समाप्त कर दिया।
