‘संसद में नहीं आते, डरने दीजिए, हम भी डराते रहेंगे’, पवन खेड़ा ने किया सरकार पर वार
प्रयागराज में कांग्रेस के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिलने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा और इमरान प्रतापगढ़ी ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रमों से सरकार डरती है और छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है.
राहुल गांधी से डरती है सरकार, हम भी डराते रहेंगे: पवन खेड़ा
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, “ये लोग राहुल गांधी से डरते हैं, संसद में भी और बाहर भी. डरने दीजिए, हम भी डराते रहेंगे.” प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की अनुमति निरस्त किए जाने पर उन्होंने कहा, “ये लोग संसद में भी राहुल गांधी के सामने नहीं आते और जहां राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम करने जाते हैं, वहां हर बार समस्या उत्पन्न करने का प्रयास करते हैं.” उन्होंने कहा, “यह छात्रों की शक्ति है, यह राहुल गांधी की शक्ति है और यह विपक्ष की शक्ति है. इसके आगे इनका डर कामयाब नहीं होगा. हम अपना कार्यक्रम करते रहेंगे.”
रांची के छात्र आंदोलन पर भी बोले
झारखंड के रांची में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर पवन खेड़ा ने कहा, “हमारे नेता कल भी वहां गए थे और हम लगातार उनके संपर्क में हैं.” ‘छात्रों की गूंज’ नहीं सुनेंगे तो ‘छात्रों की हुंकार’ सुनाई देगी: इमरान प्रतापगढ़ी कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने भी प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिलने पर सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा, “आखिर यह सरकार ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से क्यों डरती है? अगर आप छात्रों की गूंज को रोकेंगे, तो छात्रों की हुंकार सुनाई देगी.” इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा, “राहुल गांधी को छात्रों से संवाद करने से मत रोकिए. हम कार्यक्रम करेंगे, आप रोकिए.”
