नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत निर्माणाधीन 135 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का डीएम ने किया निरीक्षण
- सहारनपुर में एसटीपी का स्थलीय निरीक्षण करने जाते जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान।
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। प्रत्येक चरण में निर्माण कार्य की गुणवत्ता की नियमित एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान द्वारा भारत सरकार की नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत निर्माणाधीन 135 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का स्थलीय निरीक्षण किया।जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। प्रत्येक चरण में निर्माण कार्य की गुणवत्ता की नियमित एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जनपद में नदी प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया की परियोजना के कार्य प्रारंभ की तिथि 01 नवम्बर 2025 है तथा इसे 30 नवम्बर 2027 तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। इस परियोजना के अंतर्गत 135 एमएलडी एसटीपी के निर्माण के साथ कुल 98 नालों का इंटरसेप्शन एवं डायवर्जन किया जाना है, जिससे सीवेज का शोधन सुनिश्चित कर धमोला नदी में प्रदूषण को रोका जा सकेगा। धमोला नदी आगे चलकर हिंडन नदी तथा तत्पश्चात यमुना नदी में मिलती है। परियोजना के अंतर्गत निर्माण कार्य के साथ-साथ 15 वर्षों के संचालन एवं अनुरक्षण का कार्य भी सम्मिलित है।
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि परियोजना का निर्माण कार्य मैसर्स एनवायरो इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है तथा वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 32 प्रतिशत है। निरीक्षण के अवसर पर उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के परियोजना प्रबंधक मोहित विक्रम सिंह, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधिगण एवं परियोजना अभियंता उपस्थित रहे।
