जिलाधिकारी ने की व्यापार बंधुओं के साथ बैठक
सहारनपुर । जिलाधिकारी श्री अरविन्द सिंह चौहान की अध्यक्षता में राज्य कर विभाग के सहयोग से व्यापार बँधु की बैठक सम्पन हुई।
जिलाधिकारी ने व्यापारियों को व्यापार में आ रही समस्या पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण हेतु निर्देशित किया। भूमि संबंधी प्रकरणों पर उपायुक्त उद्योग को संबंधित उपजिलाधिकारी से रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए। जोगियान पुल के पास अगले पुल पर दुर्घटना का विषय उठाया गया। जिस संबंध में जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देश दिए कि अगली बैठक से पूर्व इस कार्य को कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होने व्यापारी बंधुओं से कहा कि समस्या को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए। एजेण्डे पर उठाए गये बिन्दुओं को तब तक न हटाया जाए जब तक शिकायतकर्ता संतुष्ट न हो जाए।
राकेश टाकिज पुल से सपना टाकिज जाने वाली सडक पर पुलिया का काम अधूरा छोडने पर चीफ इंजीनियर नगर निगम को स्पष्टीकरण जारी कर पूछा गया कि इसके टैण्डर होने पर देरी क्यों हुई। सड़क संबंधी समस्याओं पर लोक निर्माण विभाग के एक्सईन को जांच करने एवं यातायात तथा एआरटीओ की रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए। हकीकत नगर में ट्रैफिक समस्या के निस्तारण हेतु निर्माणाधीन सड़क को 15 जून तक बनाए जाने का मुख्य अभियन्ता नगर निगम ने आश्वासन दिया। ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के संबंध में विद्युत विभाग को पुनः चैक कराए जाने के निर्देश दिए। विद्युत आपूर्ति बंद होने की सूचना की जानकारी न मिलने पर उन्होने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि प्रेस विज्ञप्ति एवं सोशल मीडिया में समय से जानकारी दी जाए। सभी विभाग संबंधित प्रकरणों की आख्या बैठक के 02 दिन पूर्व उपायुक्त राज्य कर को देना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि बैठक में सभी संबंधित विभागों के सक्षम अधिकारी अवश्य उपस्थित रहें। उन्होने प्रकरणों के निस्तारण में संबंधित विभागों से आपसी समन्वय से हल करवाने के लिए कहा। इसकी जानकारी शिकायतकर्ता व्यापारी बंधुओं को भी दी जाए।
बैठक में श्री राजीव कुमार सिंह, श्री अखिलेश कुमार मिश्रा, श्री प्रणव कुमार सक्सेना सहित विद्युत, लोक निर्माण विभाग, स्मार्ट सिटी, नगर निगम, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं व्यापारियों की ओर से दिपांशु गर्ग, मोल्हड़ मल गर्ग, अन्तरिक्ष अरोड़ा, सन्नी मलहोत्रा, मुकुद मनोहर गोयल आदि उपस्थित रहे।
