महोबा में दलित छात्रा से दुष्कर्म मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
- सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
सहारनपुर। महोबा जनपद में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही दलित छात्रा के साथ कथित रूप से 16 दिनों तक दुष्कर्म किए जाने की घटना के विरोध में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मनीष त्यागी ने सोमवार को प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया।
जिला मुख्यायल पहुंचे कागेंस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए मनीष त्यागी ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार उत्तर प्रदेश को अपराध मुक्त बताने का दावा करती है, लेकिन ऐसी घटनाएं कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि जब छात्राएं सुरक्षित नहीं हैं और अपराधी खुलेआम गंभीर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, तब सरकार के दावों और जमीनी स्थिति में अंतर दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि जनता सभी परिस्थितियों को देख रही है और आने वाले समय में अपना निर्णय देगी। पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी ने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और सरकार को कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान हटाकर अन्य विषयों पर राजनीति कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, पीड़िता को न्याय तथा प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली, सेवादल अध्यक्ष इमरान कुरैशी, हरिओम मिश्रा, अरविन्द पालीवाल, योगी बीरसैन, एडवोकेट संदीप सिंह, एडवोकेट विनीत कपिल, अमित राठौर, सुनील राठौर, बरकत अंसारी, करण चैहान, नसीब खान, राकेश मोहन शर्मा, यूनुस अंसारी एवं सतेन्द्र शर्मा आदि शामिल रहे।
