जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई सीएम डैश बोर्ड पर विकास कार्यों की बैठक
सीएम डैश बोर्ड में रैंकिंग खराब करने वाले विभागों के अधिकारियों का वेतन रोकने, प्रतिकूल प्रविष्टि तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
डैशबोर्ड की महत्ता को समझें सभी अधिकारी, न करें लापरवाही
सहारनपुर । जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में सीएम डैश बोर्ड पर विकास कार्यों, सीएमआईएस एवं आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक आहूत की गई।
सीएम डैशबोर्ड में खराब रैंकिंग वाली योजनाओं जननी सुरक्षा योजना, फैमिली आईडी, पंचायती राज में 15वां वित्त एवं व्यक्तिगत शौचालय, पशुधन विभाग, आईसीडीएस, लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होने सभी संबंधित अधिकारियों को अगले माह रैंकिंग में सुधार करने के सख्त निर्देश दिए।
श्री अरविंद कुमार चौहान ने फैमिली आई.डी. में नगरीय क्षेत्रों में खराब प्रगति पर अधिशासी अधिकारियों को वेतन रोकने के साथ ही प्रतिकूल प्रविष्टि तथा जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी के वेतन रोकने के निर्देश दिए। पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान में खराब रैंकिंग पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। पंचायती राज विभाग में 15 वें वित्त एवं व्यक्तिगत शौचालय में खराब रैंकिंग पर, पोषण अभियान में जिला कार्यक्रम अधिकारी को, जननी सुरक्षा योजना में खराब रैंकिंग पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को, अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी को कार्यों में लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। आईजीआरएस पोर्टल पर एबीएसए मुजफ्फराबाद तथा खंड विकास अधिकारी नकुड द्वारा असंतोषजनक फीडबैक पर वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि खराब रैंकिंग वाले विभाग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए रैंकिंग को बेहतर करें अन्यथा कड़ी कारवाई के लिए तैयार रहें। बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिला गन्ना अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग सीएम डैशबोर्ड में सर्वाेच्च रैकिंग के लिए प्रयास करें तथा जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं पोर्टल को देखें एवं केपीआई (मुख्य प्रदर्शन संकेतक) पर दृष्टि रखें। उन्होने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन के निर्देशों एवं उच्च प्राथमिकता वालें बिन्दुओं पर गंभीरता से कार्य करें। सीएम डैशबोर्ड पर रैंकिंग वाले विभाग निरंतर समीक्षा कर कार्यों का फालोअप करें तथा रैकिंग गिराने वाले कारणों को देखने तथा सुधार करने के निर्देश दिए। सभी अधिकारी डैशबोर्ड की महत्ता को समझें और लापरवाही न करें। सभी अधिकारी स्वयं समय से पोर्टल पर सही फीडिंग कराना सुनिश्चित करें।
सीएमआईएस पोर्टल पर संबंधित विभाग द्वारा लम्बित योजनाओं एवं निर्धारित समयावधि में पूर्ण नहीं करने एवं पोर्टल पर समय से सही फीडिंग नहीं करने पर कड़ा रूख अपनाते हुए संबंधित अधिकारी का कारण बताओ नोटिस जारी कर मुख्य विकास अधिकारी को जांच समिति का गठन कर जांच करने के निर्देश दिए। इसके तहत जिन कार्यों को पूर्ण किया जा चुका है उनका हैण्ड ओवर अभी तक क्यों नहीं लिया गया की विस्तार से जानकारी ली। पर्यटन योजनाओं के संबंध में संबंधित अधिकारी को अलग से बैठक कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हैबिटेट सेंटर को इसी माह स्मार्ट सिटी को हस्तांतरित कराते हुए पोर्टल पर फीड करें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही करने वाली फर्म ब्लैक लिस्ट की जाएंगी। आई.जी.आर.एस. पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारित करें। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से वार्ता कर सुनिश्चित किया जाए कि निस्तारण से शिकायतकर्ता संतुष्ट है। आगामी आईजीआरएस बैठक में निस्तारित न होने वाली शिकायतें लेकर उपस्थित होने के निर्देश दिए। सभी अधिकारी आमजनों के साथ मृदुल व्यवहार रखें। निर्माण कार्यों के लिए नामित नोडल अधिकारी समय से निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करने में लापरवाही न करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर श्री सुमित राजेश महाजन, डीएफओ श्री शुभम सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री संतोष बहादुर सिंह, पीडीडीआरडीए श्री प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
