डीआरयूसीसी की बैठक में सहारनपुर रेलवे स्टेशन को विकसित करने पर किया गया विचार-विमर्श

डीआरयूसीसी की बैठक में सहारनपुर रेलवे स्टेशन को विकसित करने पर किया गया विचार-विमर्श
  • सहारनपुर में डीआरयूसीसी की बैठक का मंचीय दृश्य।

सहारनपुर। डिवीजनल रेलवे यूजर्स सलाहकार समिति (डीआरयूसीसी) की बैठक सोमवार को अंबाला कैंट स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनोद भाटिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) सहारनपुर चैप्टर के पूर्व चेयरमैन एवं समिति सदस्य अनूप खन्ना सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान अनूप खन्ना ने सहारनपुर रेलवे स्टेशन एवं यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-5 पर एस्केलेटर तथा प्लेटफॉर्म संख्या-3 और 4 के बीच लिफ्ट की व्यवस्था करने, पुराने फुट ओवर ब्रिज को हटाने तथा बुजुर्गों, दिव्यांगों और बीमार यात्रियों के लिए बैटरी संचालित ई-रिक्शा उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। उन्होंने स्टेशन परिसर में जन औषधि केंद्र स्थापित करने, वाल्मीकि मंदिर के पास खाली भूमि पर फूड कोर्ट विकसित करने, पार्सल कार्यालय के निकट डॉरमेट्री और कॉफी शॉप शुरू करने की भी मांग रखी।

अनूप खन्ना ने स्टेशन के नव निर्मित एग्जिट एरिया की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में सुधार, रेलवे कॉलोनी से आईटीसी रोड तक सड़क निर्माण, आरक्षण काउंटरों पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती तथा नई पार्किंग में चार पहिया वाहनों के लिए सुविधा उपलब्ध कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। साथ ही लकड़ी पुल के समीप निर्माणाधीन नए पुल के कार्य को शीघ्र पूरा कराने का सुझाव दिया। बैठक में डीआरएम विनोद भाटिया ने समिति सदस्यों के सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि सहारनपुर रेलवे स्टेशन के समग्र विकास के लिए रेलवे प्रशासन प्रतिबद्ध है। बैठक में अंबाला मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने संबंधित विषयों पर विभागीय प्रगति की जानकारी साझा की।

Leave a Reply