लखनऊ अग्निकांड पर भावुक हुए ब्रजेश पाठक, मीडिया से बात करते-करते रोने लगे डिप्टी CM
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में पुरनिया इलाके में सोमवार दोपहर एक कोचिंग में अचानक आग लगने से 18 छात्रों की दर्दनाक मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे. जब मीडिया से बात कर रहे थे बताते-बताते भावुक हो गए और फफक कर रोने लगे.
डिप्टी सीएम ने बताया कि यह एनिमेशन सेंटर के रूप में संचालित था, 16 से 17 साल के बीच बच्चे यहां कार्टून एनिमेशन सीखने आते थे. उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की बात कही है. साथ ही घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज का दावा किया है.
18 मौतों की पुष्टि
हालांकि सेंटर में कितने छात्र व अन्य लोग मौजूद थे इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है, लेकिन अब तक 18 शव निकाले जा चुके हैं, जिन्हें मोर्चरी में पहुंचाया गया है.घटनास्थल पर बेहद दर्दनाक नजारा है. हर कोई गमगीन है. सीएम योगी भी अलीगढ़ का दौरा बीच में रोककर लखनऊ पहुंच चुके हैं. उन्होंने मौके पर डीजीपी और गृह सचिव को भेजकर राहत एवं बचाव के निर्देश दिए हैं.
शॉर्ट-सर्किट से आग की संभावना
स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस बिल्डिंग में कोचिंग चल रही थी, उसके ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और ऊपर के फ्लोर तक पहुंच गयी. आग की लपटों ने पूरी बिल्डिंग को चारों तरफ से घेर लिया. जिस कारण मृतकों की संख्या बढ़ गयी. किसी को भी बचने का मौका नहीं मिला. कई छात्रों ने जान बचाने के लिए छत और छज्जों के सहारे नीचे छलांग लगाई. उन्हें गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया है. इसके अलावा मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की भी संभावना है.
घटना में हताहत हुए आश्रितों को सीएम योगी ने 5-5 लाख मुआवजे का ऐलान किया है. जबकि घायलों को 50-50 हजार देने का वादा किया है. मुख्यमंत्री ने इस मामले में दोषियों को किसी भी सूरत में न बख्शने की बात कही है. घटना की जांच जारी है.
