दिल्ली-एनसीआर में दिन में छाया अंधेरा, चल रही धूल भरी आंधी

दिल्ली-एनसीआर में दिन में छाया अंधेरा, चल रही धूल भरी आंधी

गुरुग्राम। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार दोपहर को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत और फरीदाबाद में काले बादल छाए हुए हैं और धूल भरी आंधी चल रही है।

इससे दिन में अंधेरा छा गया है और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा है। एनसीआर में मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम विशेषज्ञों ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश की संभावना जताई है।

इससे पहले सुबह दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में बारिश से सड़कों पर पानी भर गया था, जिससे सुबह समय से दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और कई जगहों पर जाम की स्थिति बनी।

गुरुग्राम में लगातार बारिश के चलते शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी बढ़ गई है। अगर लगातार इसी तरह बारिश होती रही तो जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है, जिससे सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।