निगम के गैराज को भी मिला आईएसओ 9001ः2015 प्रमाण पत्र
सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर ने स्वच्छता और स्मार्ट गवर्नेंस की दिशा में एक और नयी उपलब्धि हासिल की है। निगम के गैराज विभाग को गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक आईएसओ 9001ः2015 प्रदान किया गया है। सहारनपुर नगर निगम का गैराज विभाग प्रदेश का पहला ऐसा गैराज है जिसे गुणवत्ता के आधार पर यह प्रमाण पत्र हासिल हुआ है।
वरिष्ठ गैराज प्रभारीध्अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव व सहायक अभियंता/गैराज प्रभारी स्वप्निल जैन ने आईएसओ प्रमाण पत्र आज महापौर डाॅ. अजय कुमार एवं नगरायुक्त शिपू गिरि को भेंट किया। सहायक अभियंता /गैराज प्रभारी स्वप्निल जैन ने बताया कि महापौर डाॅ. अजय कुमार के मार्गदर्शन और नगरायुक्त शिपू गिरि के दिशा निर्देशन में गैराज विभाग द्वारा विभागीय कार्यों को अंतरराष्ट्रीय मानकों और एसओपी के अनुरूप ढालने के लिए कड़ा परिश्रम किया गया। गैराज अनुभाग के समस्त कार्य जैसे वाहन मरम्मत, खरीद, इन्वेंट्री प्रबंधन और विशेष रूप से ‘ऑनलाइन फ्यूल मैनेजमेंट’ को एम.आई.एस.सॉफ्टवेयर के माध्यम से पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है। ऑनलाइन इंडेंट और फ्यूल मैनेजमेंट की इस सुव्यवस्थित प्रणाली से विभाग के कार्यों में सटीकता और पारदर्शिता आई है।
नगरायुक्त शिपू गिरि ने बधाई देते हुए इस उपलब्धि का श्रेय गैराज की पूरी टीम को दिया। इस अवसर पर अपर नगरायुक्त मृत्युंजय, महाप्रबंधक निर्माण सुरेश चंद, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, सहायक नगरायुक्त जेपी यादव के अतिरिक्त अनेक पार्षद व निगम अधिकारी मौजूद रहे।
