Corona virus: 6,000 से अधिक लोगों की मौत, 15 लाख से अधिक लोग संक्रमित

Corona virus: 6,000 से अधिक लोगों की मौत, 15 लाख से अधिक लोग संक्रमित

नई दिल्ली। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने घोषणा की है कि यूरोप कोरोना वायरस महामारी का नया ‘केंद्र’ बन गया है। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार वायरस के कारण वैश्विक स्तर पर 6,000 से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई है। वहीं, 15 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो गए हैं। इटली में पिछले 24 घंटे में 368 लोगों की मौत हुई है। यहां मरने वालों की संख्या 1,809 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 3,590 नए मामलों की पुष्टि हुई है। कुल पुष्ट संक्रमित लोगों की संख्या 24,747 हो गई है।

समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार चीन में COVID-19 के प्रकोप के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,213 हो गई है। अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि देश में पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 80,860 हो गई है। चीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने कोरोना वायरस संक्रमण के 16 नए पुष्ट मामलों और 14 मरीजों की मौत की सूचना दी है।

ओडिशा में कोरोना वायरस का एक पॉजिटिव मामला सामने आया है। ओडिशा के स्वास्थ्य और शिक्षा प्रशिक्षण के निदेशक डॉक्टर सीबीके मोहंती के मुताबिक इस व्यक्ति ने इटली का यात्रा की है। बाद में उन्होंने दिल्ली से भुवनेश्वर के लिए एक ट्रेन ली। मरीज भुवनेश्वर अस्पताल में भर्ती है।

ईरान में फंसे 53 और भारतीय लोगों को वापस लाया गया

समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार ईरान में फंसे 53 और भारतीय लोगों को वापस लाया गया है। इसमें 52 छात्र और एक शिक्षक शामिल हैं। इन्हें तेहरान और शिराज से लाया गया है। ईरान से अभी तक 389 लोग वापस आ गए हैं। विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने इसकी जानकारी दी है।

भारत में अभी तक 110 लोग संक्रमित

भारत में अभी तक कोरोना वायरस (COVID-19) से 110 लोग संक्रमित हो गए हैं। वहीं, दो लोगों की मौत हो गई है। 13 लोग ठीक हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश के 14 राज्यों में सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 32 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा केरल में 22 मामले सामने आए हैं। इनमें तीन लोग ठीक हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 110 संक्रमित लोगों में से 93 लोग भारतीय हैं। 17 लोग विदेशी हैं। एयरपोर्ट पर अभी तक 12,76,046 लोगों की स्क्रीनिंग हुई है। (नोट-ये आंकड़े 15/मार्च/2020 रात 11.30 बजे तक के हैं।)

कहां कितने मामले सामने आए और ठीक हुए

आंध्र प्रदेश में एक मामले की पुष्टि हुई है। दिल्ली में 7 मामले समाने आए हैं। यहां दो लोग ठीक हो गए हैं। एक की मौत भी हुई है। हरियाणा में अभी तक 14 मामले सामने आए हैं। ये सभी विदेशी लोग हैं। कर्नाटक में 6 मामले सामने आए हैं। एक व्यक्ति की मौत हुई है। केरल मे  22 मामले सामने आए हैं। तीन लोग ठीक हो गए हैं। महाराष्ट्र में 32 लोग संक्रमित हो गए हैं। पंजाब में एक व्यक्ति संक्रमित है।

उत्तर प्रदेश में 12 मामले सामने आए

राजस्थान में कुल 4 मामले सामने आए हैं। तीन लोग ठीक हो गए हैं। तमिलनाडु एक मामला सामने आया है। तेलंगाना में तीन मामले सामने आए हैं। एक व्यक्ति ठीक हो गया है। जम्मू-कश्मीर में दो मामले सामने आए हैं। लद्दाख में तीन मामले सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश में 12 मामले सामने आए हैं। इसमें से एक विदेशी हैं। 4 लोग ठीक हो गए हैं। उत्तराखंड में 1 मामला सामने आया है।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे