कांवड़ यात्रा को लेकर कांग्रेस नेता अजय राय का योगी सरकार पर हमला, ‘ये नेम प्लेट पर लोगों को…’
New Delhi : सावन और कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले उत्तर प्रदेश में एक बार फिर होटलों, ढाबों और दुकानों में नेम प्लेट का मामला सुर्खियों में है. राज्य सरकार के एक मंत्री के बयान पर अब विपक्ष ने यूपी सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रभु श्रीराम के मंदिर में इतनी बड़ी चोरी की घटना हो गई और अभी भी यह लोग ऐसे विषयों पर देश की जनता को उलझा रहे हैं. उन्होंने पूछा कि मुख्य आरोपी पर कार्रवाई कब होगी, पहले ये लोग इसका जवाब दें.
ये नेम प्लेट पर लोगों को उलझा रहे हैं- अजय राय
एबीपी लाइव से बातचीत के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा, ”ये लोग गब्बर चोर हैं. पूरे देश के लोग इनसे सवाल पूछ रहे हैं कि प्रभु श्रीराम के मंदिर में जो चढ़ावे की चोरी हुई है उसके असली गुनहगारों को कब तक सजा मिलेगी? ये अब नेम प्लेट पर लोगों को उलझा रहे हैं.”
‘साल के 330 दिन इन्हें पवित्रता का ख्याल नहीं रहता’
कांग्रेस नेता ने हमला बोलते हुए आगे कहा, ”साल के 330 दिन इन्हें पवित्रता का ख्याल नहीं रहता और जब कोई धार्मिक आयोजन आएगा तब यह दिखावटी पवित्रता और राजनीति करने के लिए ऐसी बातें करेंगे. लेकिन जनता सब समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में अच्छे से हिसाब करेगी. एक तो भगवान के दरबार में चोरी और ऊपर से खुद ही पवित्रता के नाम पर गाना बजा रहे हैं.”
आस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं- कपिल देव अग्रवाल
दरअसल कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले यूपी में नेम प्लेट को लेकर सियासत उस वक्त तेज हो गई जब प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इसे लेकर बयान दिया. उन्होंने कहा, ”कांवड़ यात्रा मार्ग पर दुकानों के नाम भ्रम पैदा करने वाले नहीं होने चाहिए. आस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा.” उन्होंने होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट पर स्पष्ट पहचान और खाने-पीने की चीजों की जानकारी प्रदर्शित करने की बात कही. प्रदेश सरकार में मंत्री के इसी बयान के बाद अब विपक्षी दल के नेता सरकार को घेरने में जुटे हैं.
