जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील देवबन्द में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न
सहारनपुर । जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में तहसील देवबन्द में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का तत्परता से निदान करना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों व समस्याओं का निस्तारण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 37, खण्ड विकास अधिकारी देवबन्द की 01, एसएचओ देवबन्द की 04, पुर्ति के 05, विद्युत विभाग की 01, ईओ की 03, लोक निर्माण विभाग की 01, चकबन्दी की 05 कुल 57 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से राजस्व विभाग की 08 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने आए हुए लोगों की शिकायतों को सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप जो समय सीमा समस्याओं के निस्तारण की दी गई है, उसी के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि निस्तारण के साथ-साथ शिकायतकर्ता को संतुष्टी भी मिलनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत निस्तारण के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए समस्याओं का समयबद्धता से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि भूमि संबंधी विवादों को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर निस्तारित कराया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 प्रवीण कुमार, डीएफओ श्री शुभम सिंह, उपजिलाधिकारी देवबन्द श्री युवराज सिंह, पीडीडीआरडीए श्री प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
