कलैक्ट्रेट बार एसोसिएशन ने श्रद्धापूर्वक मनाई बाबा साहेब अम्बेडकर जयंती

कलैक्ट्रेट बार एसोसिएशन ने श्रद्धापूर्वक मनाई बाबा साहेब अम्बेडकर जयंती
  • सहारनपुर में दि कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन में अम्बेडकर जयंती मनाते अधिवक्ता।

सहारनपुर। दी कलैक्ट्रेट बार एसोसिएशन के तत्वावधान में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती बड़े ही श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने बाबा साहेब को नमन करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया और कहा कि उन्होंने संवैधानिक अधिकार दिलाकर समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया।

बार एसोसिएशन सभागार में आयोजित जयंती समारोह का शुभारंभ बार अध्यक्ष ठाकुर संजीव सिंह एवं महासचिव चैधरी सर्वोत्तम सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिवक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों को उनके अधिकार दिलाने के लिए भारतीय संविधान की मजबूत नींव रखी, जिसके कारण आज देश का हर नागरिक अपने अधिकारों का संरक्षण पा रहा है।

वक्ताओं ने कहा कि संविधान और कानून का पालन सुनिश्चित कराने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में सभी अधिवक्ताओं का यह दायित्व बनता है कि वे पीड़ित एवं शोषित लोगों को न्याय दिलाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा साहेब ने समतामूलक समाज की स्थापना का जो सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए उनके आदर्शों और सिद्धांतों को जीवन में अपनाना आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता कृपाल सिंह, गोकरण दत्त शर्मा, सत्येन्द्र गौतम, पूर्व महासचिव विपिन मोर्य, विपिन कश्यप सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।


Leave a Reply