संत गुरु रविदास छात्रावास में धूमधाम से मनाई अम्बेडकर जयंती, जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
- सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते महापौर।
सहारनपुर। संत गुरु रविदास छात्रावास में भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं महान समाज सुधारक बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुंबर एवं महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने बाबा साहेब को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। देहरादून रोड स्थित छात्रावास में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत है। उन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और मानव अधिकारों के लिए सशक्त आधार तैयार किया तथा उनके द्वारा निर्मित भारतीय संविधान देश की एकता और लोकतंत्र का प्रमुख स्तंभ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बाबा साहेब के आदर्शों को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने छात्रावास में हॉल एवं शौचालय निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
मेयर अजय कुमार सिंह एवं अनुसूचित आयोग के सदस्य महिपाल बाल्मीकि ने भी अपने संबोधन में बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके ज्ञान, संघर्ष और दृढ़ संकल्प ने सामाजिक कुरीतियों को चुनौती दी और समानता पर आधारित भारत की नींव रखी। मेयर ने छात्रावास परिसर के पार्क के लिए घास काटने की मशीन एवं वाटर कूलर देने की घोषणा की। कार्यक्रम में राजेश जौहरी ने भी बाबा साहेब के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला।
इस दौरान वार्डन योगेश, दिव्य प्रकाश भारती, मास्टर पवन कुमार, हिमांशु कुमार, पार्षद मोहर सिंह, सुभाष चंद, संजीव कर्णवाल, अंकित जाटव, महामंत्री ललित कटारिया, सरदार सूपनीत सिंह, उपाध्यक्ष मनोज ठाकुर, योग चुग, प्रदीप शर्मा, गोपाल मेहंदी रत्ता, दीपक रहेजा, के.के. बत्रा, राजकुमार कालरा, कुलदीप पुंडीर, नितिन परमार, विपिन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
