प्रतीक यादव के निधन पर CM योगी ने जताया दुख
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन हो गया. देर रात तबीयत बिगड़ने के बाद बुधवार (13 मई) की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली. प्रतीक यादव के अचानक निधन से लोग स्तब्ध हैं. यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक की मौत से सियासी गलियारों में भी शोक की लहर है. इसपर अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया आई है. सीएम योगी ने प्रतीक के निधन पर शोक व्यक्त किया.
योगी आदित्यनाथ ने एक्स पोस्ट के जरिए प्रतीक यादव की मृत्यु पर दुख जताया और लिखा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के बेटे और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का अचानक निधन अत्यंत दुखद है. मेरी ओर से हार्दिक श्रद्धांजलि. शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. मैं भगवान राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शाश्वत शांति प्राप्त हो और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति मिले. ॐ शांति!”
केशव प्रसाद मौर्य ने भी जताया दुख
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी एक्स पर पोस्ट किया, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव जी के अचानक निधन की खबर अत्यंत दुखद है. मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं. ईश्वर उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार को शक्ति प्रदान करें.”
