पुलिस ने दबोचे तीन शातिर चोर, चोरी किया गया सामान एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व कार की बरामद
- सहारनपुर में बेहट पुलिस द्वारा दबोचे गए शातिर चोर एवं जानकारी देते एसएसपी अभिनंदन।
सहारनपुर। कोतवाली बेहट पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल टाव के 25 बैटरे, एक मोटरसाइकिल व घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो कार बरामद करने में सफलता हासिल कर ली। पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने जानकारी देते हुए बताया कि 8 मई को उपनिरीक्षक रविंद्र कसाना ने अज्ञात चोरों द्वारा मोबाइल टावर से बैटरी चोरी करने और पुलिस पार्टी पर हमला करने के सम्बंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एसएसपी ने बताया कि आज बेहट कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र दीक्षित, उपनिरीक्षक रविंद्र कसाना व उपनिरीक्षक धीरज सिंह के नेतृत्व में पूजनेकी चैकी क्षेत्र में चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम घुन्ना मोड़ पर तीन संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के पास खड़े थे जिनके पास प्लास्टिक के दो बोरे थे। पुलिस को देखकर तीनों व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को दबोच लिया जिनमें सलमानु पुत्र मकबूल निवासी हुसैन बस्ती बेहट अड्डा थाना मंडी, सारिक पुत्र शराफत व कादिर पुत्र अलीशेर निवासीगण ग्राम अकबरपुर सुनेहटी थाना कैराना जनपद शामली शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान एवं घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल व कार बरामद कर ली।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ करने पर दबोचे गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हम तीनों ने अलग-अलग मोबाइल टावर से बैटरे चोरी किए थे जिन्हें आज हम बेचने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार दबोचे गए आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं जिनके खिलाफ विभिन्न थानों भिन्न-भिन्न धाराओं में अनेक मुकदमें दर्ज हैं। सलमान के खिलाफ 36, सारिक के खिलाफ 16 व कादिर के खिलाफ 17 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों का वांछित धाराओं में चालान काटकर जेल भेज दिया।
