CM योगी आदित्यनाथ ने शुभेंदु अधिकारी को दी बधाई, आज लेंगे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री की शपथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर शुभेंदु अधिकारी को बधाई दी है. इस संबंध में सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, “शुभेंदु अधिकारी जी को बंगाल के बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.” शुभेंदु अधिकारी आज पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में लेंगे शपथ. यहां भारतीय जनता पार्टी की पहली बार सरकार बनने जा रही है.
सीएम योगी के इस पोस्ट पर लोगों ने कमेंट कर भाजपा के इस फैसले की सराहना की है. गौरतलब है कि शुक्रवार को कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मति से शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया.
CM योगी ने शुभेंदु अधिकारी के लिए किया था प्रचार
यहां बता दें कि पश्चिम बंगाल चुनाव में प्रचार के लिए सीएम योगी ने कई जनसभाएं और रोड शो किए. उन्होंने शुभेंदु अधिकारी के लिए भी जनसभा की थी. पश्चिम बंगाल चुनाव में 4 मई को आए परिणाम में बीजेपी को रिकॉर्ड 207 सीटें मिलीं और उसने 15 साल से सत्ता पर काबिज तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी को सत्ता से बाहर किया.
PM मोदी के साथ दिखेगा पूरा NDA
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह होगा. जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और सहयोगी दलों के नेता व् मंत्री भी शामिल होंगे. इसके लिए युद्ध स्तर पर पिछले दो दिनों से तैयारियां की जा रहीं हैं. भारतीय जनता पार्टी के लिए यह ऐतिहासिक पल है. उसने बंगाल जैसे राज्य में स्पष्ट बहुमत से सत्ता प्राप्त कर ली है, जहां कुछ साल पहले तक वो संघर्ष में थी. उधर बीजेपी की जीत के बाद ममता बनर्जी ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
