‘BJP सांसदों-विधायकों का सम्मान मांग कर ले रही है…’, अखिलेश यादव का योगी सरकार के आदेश पर तंज

‘BJP सांसदों-विधायकों का सम्मान मांग कर ले रही है…’, अखिलेश यादव का योगी सरकार के आदेश पर तंज

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों को सभी सांसदों और विधायकों को विशेष सम्मान देने के सख्त निर्देश दिए हैं. जिस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तंज कसा है. उन्होंने कहा कि सम्मान कभी फरमान से नहीं अच्छे कामों से मिलता है.

अखिलेश यादव ने यूपी सरकार की ओर से प्रशासनिक अधिकारियों को दिए गए निर्देशों पर चुटकी लेते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पर लिखा- ‘भाजपा अपने विधायकों-सांसदों का सम्मान भी मांग कर ले रही है.‘इज़्ज़त’ फ़रमान से नहीं, अच्छे काम से मिलती है.’

योगी सरकार ने जारी किया ‘फरमान’

दरअसल यूपी सरकार के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने हाल में सभी प्रशासनिक अधिकारियों को सांसदों और विधायकों का सम्मान करने के निर्देश दिए हैं. इन आदेश में कहा गया है कि अगर कोई भी सांसद या विधायक अधिकारी के दफ़्तर पहुंचता है तो उन्हें कुर्सी से खड़े होकर उनका अभिवादन करना होगा और उनके प्रति सम्मानजनक व्यवहार करना होगा.

इतना ही नहीं अधिकारियों को सांसदों-विधायकों के फोन कॉल को उठाना होगा. अगर वो कहीं व्यस्त हैं तो बाद में उन्हें कॉल करके उत्तर देना होगा. उनके द्वारा उठाए गए प्रकरणों का यथासंभव गुणवत्ता पूर्वक निस्तारण किया जाए और इसकी जानकारी भी उन्हें दी जाए. अगर कोई अधिकारी सम्मान जनक व्यवहार नहीं करेगा तो उनके खिलाफ राज्य कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत सख्त कार्रवाई की जा सकती हैं.

अफसरों पर मनमानी का आरोप

दरअसल यूपी में अक्सर सांसदों और विधायकों की ये शिकायत सुनी जाती है कि अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते हैं और मनमानी करते हैं. यहीं नहीं फ़ोन करने पर भी अधिकारी उनका फोन नहीं उठाते और अनदेखी करते हैं. शासनादेश में इसे बेहद दुखद व्यवहार बताया गया हैं.

Leave a Reply