सीएम ग्रिड-2ः गुणवत्ता व प्रगति का नगरायुक्त ने किया निरीक्षण
श्रमिक व संसाधन बढ़ाकर समय से गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
सहारनपुर। नगरायुक्त शिपू गिरि ने सीएम ग्रिड फेज-2 योजनांतर्गत हकीकत नगर में सड़क निर्माण, उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य प्रगति, गुणवत्ता एवं विभिन्न विभागों के समन्वय एवं प्रस्तावित वेरिएशनध्डेविएशन का परीक्षण भी किया। उन्होंने श्रमिकों की संख्या व अन्य संसाधन बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
नगरायुक्त ने शत प्रतिशत निर्देशों का अनुपालन करने पर जोर देते हुए कार्य से सम्बंधित वेरिएशन/डेविएशन स्टेटमेंट हर हाल में शनिवार तक तैयार कर सक्षम अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि विवरण तैयार करने से पूर्व प्रोजेक्ट कंसल्टेंट को अनिवार्य रुप से स्थल पर बुलाकर कार्य का बिंदुवार एवं विस्तृत संयुक्त निरीक्षण कराएं तथा प्रत्येक मद का परीक्षण करते हुए उसी समय उक्त वेरिएशनध्डेविएशन स्टेटमेंट को अंतिम रुप दिया जाए।
नगरायुक्त ने जानना चाहा कि यदि जलकल विभाग द्वारा पूर्व में यह कहा गया था कि उक्त परियोजना में सीवर सम्बंधी किसी अतिरिक्त कार्य की आवश्यकता नहीं है तो कार्य निष्पादन के दौरान वर्तमान में अतिरिक्त सीवर कार्य की आवश्यकता किन परिस्थितियों में उत्पन्न हुई है। उन्होंने इसका कारण, तकनीकी औचित्य एवं अभिलेखीय तथ्यों के साथ स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
नगरायुक्त ने भविष्य में किसी भी परियोजना को अंतिम रुप से प्रस्तुत करने से पूर्व उसका त्रिस्तरीय निरीक्षण अनिवार्य रुप से करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, सहायक अभियंता मदनपाल व अवर अभियंता अनुज कुमार के अलावा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल रहे।
