आरक्षण का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए वर्गीकरण जरूरी: मास्टर इसम सिंह
- सहारनपुर में जिलाधिकारी को ज्ञापन देने जाते सामाजिक न्याय पार्टी जनादेश के पदाधिकारी।
सहारनपुर। सामाजिक न्याय पार्टी जनादेश के जिलाध्यक्ष मास्टर इसम सिंह के नेतृत्व में अतिपिछड़ा एवं महादलित वर्ग को अलग आरक्षण तथा राजनीतिक भागीदारी दिलाने की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में संविधान के अनुच्छेद 340 का उल्लेख करते हुए पिछड़े वर्गों की सामाजिक, शैक्षिक एवं राजनीतिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि देश में पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने की व्यवस्था लंबे संघर्ष और विभिन्न आयोगों की सिफारिशों के बाद लागू हुई। काका कालेलकर आयोग से लेकर मंडल आयोग तक की रिपोर्टों का हवाला देते हुए बताया गया कि पिछड़े वर्गों को उनका अधिकार दिलाने के लिए समय-समय पर प्रयास किए गए, लेकिन कमजोर एवं अतिपिछड़ी जातियों को अब तक आरक्षण का समुचित लाभ नहीं मिल सका है।
जिलाध्यक्ष मास्टर इसम सिंह ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा पिछड़े वर्गों के वर्गीकरण को लेकर कई आयोग गठित किए गए। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि उत्तर प्रदेश में अतिपिछड़ा एवं महादलित वर्ग को आबादी के अनुपात में अलग आरक्षण प्रदान किया जाए। ज्ञापन देने वालों में अनिल कश्यप, अमरीश कश्यप, शेखर कश्यप, कुलबीर सिंह, अविनाश चैधरी, कंवरपाल कश्यप, सुनील कुमार, विकास कुमार, रीना राणा, गीता कोरी, झिलमिल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
