CJP प्रदर्शन: फेसबुक ने PM मोदी का वीडियो किया ब्लॉक, विवाद बढ़ने पर मेटा ने मानी तकनीकी गलती
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा साझा किया गया एक वीडियो कुछ समय के लिए फेसबुक पर भारत में उपलब्ध नहीं रहा। यह वीडियो सेल्फी मोड में रिकॉर्ड किया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री ने युवाओं को संबोधित किया था। बाद में विवाद बढ़ने पर मेटा ने स्पष्ट किया कि वीडियो को गलती से प्रतिबंधित किया गया था और अब उसे दोबारा बहाल कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री का यह वीडियो फेसबुक पर देर रात भारत में “रिस्ट्रिक्ट” दिखने लगा। वीडियो के “See Why” विकल्प पर क्लिक करने पर संदेश दिखाई दे रहा था कि इसे कानूनी अनुरोध के अनुपालन में सीमित किया गया है। हालांकि, इस मामले पर सवाल उठने के बाद मेटा ने सफाई देते हुए कहा कि वीडियो गलती से हटाया गया था और तकनीकी त्रुटि को सुधारते हुए उसे फिर से उपलब्ध करा दिया गया है।
CJP प्रदर्शन के बीच साझा किया गया था वीडियो
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थक कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे। 20 जुलाई को पार्टी ने संसद मार्च का आह्वान किया था। प्रदर्शनकारियों के संसद की ओर बढ़ने पर पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया था, जिसके बाद विवाद और गहरा गया।
इसी घटनाक्रम के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के नाम वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि सरकार पेपर लीक जैसे मामलों को बेहद गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
