बागेश्वर धाम महादेव मंदिर में नगर विधायक राजीव गुंबर ने पत्नी संग किया जलाभिषेक
सहारनपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नगर विधायक राजीव गुंबर ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती स्नेह गुंबर के साथ बागेश्वर धाम महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सहारनपुर सहित प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि महादेव की भक्ति आस्था, संयम, सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा करने वाले शिवभक्तों की श्रद्धा और तपस्या सनातन संस्कृति की जीवंत शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश एवं चिकित्सा सहित की जाने वाली व्यवस्थाओं की सराहना की। श्रीमती स्नेह गुंबर ने महाशिवरात्रि को आस्था और भक्ति का महान पर्व बताते हुए सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और हर-हर महादेव व बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
