पूर्व विधायक नरेश सैनी के खिलाफ झूठा प्रचार करने पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

पूर्व विधायक नरेश सैनी के खिलाफ झूठा प्रचार करने पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

सहारनपुर [दिग्विजय त्यागी]। बेहट विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और भाजपा नेता नरेश सैनी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से झूठा और भ्रामक प्रचार करने के मामले में जनकपुरी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एफआईआर मंगलवार सुबह करीब पांच बजे दर्ज की गई। आरोप है कि “Er Saurabh” नाम के फेसबुक प्रोफाइल से नरेश सैनी के संबंध में फर्जी पोस्ट प्रसारित की गई।

वायरल पोस्ट में नरेश सैनी की बसपा प्रमुख मायावती के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए उनके बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने का दावा किया गया था। नरेश सैनी ने अपनी तहरीर में इस तस्वीर और उससे जुड़े दावे को पूरी तरह फर्जी बताया है।

पूर्व विधायक ने तहरीर में कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। वह बेहट विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं और वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी भी थे। ऐसे में उनके राजनीतिक दल बदलने से जुड़ा सोशल मीडिया प्रचार निराधार है और इससे उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचा है।

नरेश सैनी का आरोप है कि जब उन्होंने फेसबुक के माध्यम से संबंधित अकाउंट संचालक से पोस्ट हटाने को कहा तो आरोपी ने पोस्ट हटाने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शुरू की जांच

जनकपुरी थाना पुलिस ने पूर्व विधायक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब संबंधित फेसबुक प्रोफाइल के संचालक की पहचान, वायरल पोस्ट के स्रोत और उसके प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

फिलहाल मामले में आरोपों की जांच जारी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।