भूपेंद्र चौधरी का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- सनातन और साधु-संतों को बदनाम करने की कोशिश
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सनातन धर्म और साधु-संतों का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव लगातार ऐसे प्रयास करते हैं, जिससे लोगों के मन में हिंदू धर्म, सनातन संस्कृति और साधु-संतों के प्रति अविश्वास पैदा हो।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में रुकने और इसे आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर उठाए जा रहे सवालों पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि मठ और मंदिर भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि यह भाजपा के लिए कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि आस्था और परंपरा से जुड़ा विषय है।
‘भाजपा के एजेंडे में हमेशा रहा सनातन’
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के एजेंडे में हमेशा से सनातन, भारतीय संस्कृति और परंपराएं रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी आगे भी इन मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन के लिए काम करती रहेगी।
AI के इस्तेमाल को लेकर सपा पर निशाना
अखिलेश यादव के सरकार पर AI के दुरुपयोग के आरोपों पर पलटवार करते हुए भूपेंद्र चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर ही AI के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि AI से बनाए गए वीडियो के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और साधु-संत समाज को निशाना बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे राजनीति के गिरते स्तर का उदाहरण बताया।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
भूपेंद्र चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार हिंदू धर्म और सनातन पर सवाल उठाते हैं, जबकि दूसरे धर्मों और समुदायों के मुद्दों पर उसी तरह सवाल नहीं करते।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की कोशिश लोगों की सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति में आस्था को कमजोर करने की है, लेकिन देश की जनता अपनी संस्कृति, परंपरा और सनातन मूल्यों के प्रति जागरूक है। चौधरी ने दोहराया कि सनातन, भारतीय संस्कृति और परंपरा भाजपा के एजेंडे का हिस्सा पहले भी थे और आगे भी रहेंगे।
