शोभित विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन RAIES-2026 का शुभारंभ
पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास पर देश-विदेश के विशेषज्ञों ने साझा किए विचार, शोध पत्रों का हुआ प्रस्तुतिकरण
गंगोह (सहारनपुर)। शोभित विश्वविद्यालय गंगोह में बुधवार को पांचवें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ऑन रीसेंट एडवांसेज इन एनवायर्नमेंटल सस्टेनेबिलिटी (RAIES-2026) का भव्य शुभारंभ हुआ। डॉ. बीआर अंबेडकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी), जालंधर के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) महिपाल सिंह और अन्य गणमान्य अतिथियों ने मां सरस्वती एवं बाबू विजेंद्र कुमार की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गरिमा वर्मा ने किया।

उद्घाटन सत्र में डीन एकेडमिक्स प्रो. (डॉ.) तरुण कुमार शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पर्यावरणीय स्थिरता केवल शैक्षणिक विषय नहीं, बल्कि मानवता के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण के निर्माण के लिए शोध, नवाचार और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
सम्मेलन संयोजक एवं डीन रिसर्च प्रो. (डॉ.) राजीव दत्ता ने कहा कि RAIES सम्मेलन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास से जुड़े नवीन शोध एवं विचारों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। ऐसे आयोजन शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और विशेषज्ञों को अनुभव साझा करने के साथ नए शोध अवसर विकसित करने का अवसर देते हैं।
कुलसचिव प्रो. (डॉ.) महिपाल सिंह ने प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं, डीन हेल्थ साइंसेज प्रो. (डॉ.) रणजीत सिंह ने कहा कि पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं। स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है।

एनआईटी जालंधर के डॉ. ओपी वर्मा ने RAIES सम्मेलन श्रृंखला के उद्देश्य, विकास और शैक्षणिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से पर्यावरणीय स्थिरता से जुड़े शोध और वैज्ञानिक उपलब्धियों को प्रोत्साहन मिल रहा है।
अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू ने आयोजकों को सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन, जैव विविधता में कमी और प्रदूषण जैसी वैश्विक चुनौतियों का समाधान वैज्ञानिक शोध, तकनीकी नवाचार और सामूहिक जिम्मेदारी से ही संभव है।

सम्मेलन के दौरान देशभर से शोधकर्ताओं ने हाइब्रिड मोड में अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। इस अवसर पर सम्मेलन की बुक ऑफ एब्स्ट्रैक्ट का विमोचन भी किया गया, जिसमें प्रस्तुत शोध पत्रों के सारांश संकलित किए गए हैं। अंत में डॉ. अनिल रॉयल ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षाविदों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन सत्र का समापन हुआ।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) गुंजन अग्रवाल, प्रो. (डॉ.) प्रशांत कुमार, प्रो. (डॉ.) जसवीर सिंह राणा, प्रो. (डॉ.) शरद पांडेय, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. उस्मान खान, डॉ. नितिन कुमार, डॉ. कुलदीप चौहान, डॉ. विनोद कुमार यादव, अनिल जोशी, अजय शर्मा, रितु शर्मा, रामजानकी, जसवीर सिंह और पुष्पेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

