योग प्रतियोगिता में गोचर महाविद्यालय का शानदार प्रदर्शन, महिला टीम प्रथम और पुरुष टीम रही द्वितीय
रामपुर मनिहारान। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर की ओर से बेहट स्थित राजकीय महाविद्यालय में आयोजित महिला एवं पुरुष अंतर महाविद्यालय योग प्रतियोगिता में गोचर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की महिला टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पुरुष टीम ने द्वितीय स्थान हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में महिला वर्ग से मेघा, निशा, कीर्ति चावला, गार्गी, पारुल और जैनब ने प्रतिभाग किया। वहीं पुरुष वर्ग में यश, रियासत, सावन, आयुष और प्रशांत ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय पहुंचने पर सभी विजेता खिलाड़ियों का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. ओंकार ने कहा कि यह सफलता केवल एक जीत नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की कठोर साधना, अनुशासन, समर्पण और गुरुजनों के मार्गदर्शन का परिणाम है। योग प्राचीन भारत की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और आत्मा को मजबूत बनाता है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की टीम ने साबित कर दिया है कि यदि संकल्प मजबूत हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर गुर्जर विद्या प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह, सचिव चौधरी तेज सिंह, उपप्राचार्य डॉ. जेपी सिंह, विभागाध्यक्ष डॉ. बालेंद्र सिंह, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. आलोक पांडे, टीम मैनेजर अनुज आर्य, डॉ. केपी सिंह, डॉ. जयकुमार, डॉ. आदित्य कुमार, नकली राम, मनोज पवार और अनुज पवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
