‘मैं में मत जियो, बकरा मैं में ही कट जाता है’, रामकथा में धीरेंद्र शास्त्री ने अहंकार पर दी नसीहत

‘मैं में मत जियो, बकरा मैं में ही कट जाता है’, रामकथा में धीरेंद्र शास्त्री ने अहंकार पर दी नसीहत

कुंडा में राजा भैया करा रहे चार दिवसीय रामकथा, बोले- भगवान हमसे बुलवाता है, यह उनकी कृपा है

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। चार दिवसीय रामकथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान की महिमा का बखान करते हुए लोगों को अहंकार से दूर रहने की नसीहत दी। उनका एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसमें उन्होंने कहा, ‘मैं में मत जियो, बकरा मैं में ही कट जाता है।’

रामकथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भगवान हमसे जो कुछ बुलवाते हैं, वह उनकी कृपा होती है। कथावाचक ने कहा कि इंसान को कभी यह नहीं सोचना चाहिए कि वह अपनी क्षमता और प्रतिभा के दम पर सब कुछ कर रहा है। सब कुछ भगवान की कृपा से ही संभव होता है।

‘अहंकार में मत जियो, भगवान करवा रहे हैं’

धीरेंद्र शास्त्री ने अपने अंदाज में अहंकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, “अगर हम ये सोच लें कि हम बहुत बढ़िया कथा करते हैं, तो भगवान को कुछ नहीं करना। बस एक बार फिर से ठाकुर जी टेढ़ा कहलवाना है, परिणाम देशभर में फिर से पोस्टर फटने लगेंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “इसलिए हमारी प्रार्थना है कि ‘मैं में मत जियो, बकरा मैं में ही कट जाता है’।” उन्होंने समझाया कि यहां ‘मैं’ का मतलब अहंकार है। व्यक्ति को अहंकार में जीने के बजाय यह मानना चाहिए कि भगवान ही उससे सारे काम करवा रहे हैं।

पाकिस्तानी हिंदुओं से बोले- मस्ती में झूमकर गाइए

रामकथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने पाकिस्तानी हिंदुओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “पाकिस्तानी हिंदुओ, आज तो तुम्हारे खुशी का दिन है, जरा मस्ती में झूमते हुए गाइए।” उनके इस संबोधन की भी सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।

राजा भैया करा रहे चार दिवसीय रामकथा का आयोजन

दरअसल, कुंडा में बेंती कोठी के पास परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर 2026 तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की चार दिवसीय श्रीराम कथा आयोजित की जा रही है। इस धार्मिक आयोजन को कुंडा विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया करा रहे हैं।

रामकथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री के प्रवचन और उनके बयान सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।