किसान दिवस में उठीं किसानों की समस्याएं, सीडीओ ने दिए निस्तारण के निर्देश
कृषि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को किया जाएगा सम्मानित, योजनाओं और अनुदान का लाभ पहुंचाने पर जोर
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान के निर्देशन में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में किसानों ने विभिन्न समस्याएं उठाईं। सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को चिन्हित कर सम्मानित किया जाए। साथ ही उनके कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि दूसरे किसान भी उनसे प्रेरणा ले सकें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कृषि योजनाओं की पात्रता, अनुदान और मिलने वाले लाभों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने को भी कहा।
उप कृषि निदेशक संदीप पाल ने बताया कि कृषि यंत्रों की खरीद पर किसानों को 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। एफपीओ को कस्टम हायरिंग सेंटर पर 40 प्रतिशत और फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है। इसके अलावा उन्नत बीजों पर 50 प्रतिशत तक अनुदान और पात्र किसानों को बीज मिनिकिट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ फसलों पर दो प्रतिशत और रबी फसलों पर 1.5 प्रतिशत प्रीमियम किसानों को देना होता है।
जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह ने आलू के फाउंडेशन बीज पर एक हजार रुपये प्रति कुंतल अनुदान, लहसुन-प्याज के बीज पर सहायता और मल्चिंग यूनिट पर 40 प्रतिशत अनुदान की जानकारी दी। जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार ने बताया कि जिले में डीएपी और यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार ने किसानों को रबी फसलों की समय से बुवाई करने, उन्नत गेहूं प्रजातियों का चयन करने और सरसों की लाइन में बुवाई करने की सलाह दी। उन्होंने सरसों में विरलीकरण तथा डीएपी के विकल्प के रूप में सिंगल सुपर फास्फेट के प्रयोग की जानकारी भी दी।
किसान संजय सैनी ने मधुमक्खी पालन के लिए ऋण मिलने में आ रही दिक्कत उठाई। रविन्द्र तोमरिया ने फूड प्रोसेसिंग के तहत फल और शहद से वाइन बनाने की संभावनाओं की जानकारी दी। अरविन्द सिंह ने बकाया गन्ना भुगतान और तिलफरा-नागल गांव से शामली सीमा तक सड़क निर्माण की मांग रखी। वहीं ओमपाल सिंह ने चकबंदी विभाग से जमीन की दोबारा पैमाइश कराने की मांग की।
किसान दिवस में करीब 40 किसानों ने भाग लिया। सीडीओ ने आगामी किसान दिवस में सभी विभागों को अपनी-अपनी योजनाओं का प्रस्तुतीकरण करने के निर्देश दिए, जिससे किसानों को योजनाओं की पूरी जानकारी मिल सके। इस दौरान सीएमओ डॉ. शेर सिंह कक्कड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
