सर्दियों में गर्म पानी से नहाने के नुकसान: चर्म रोग विशेषज्ञ की सलाह
सहारनपुर। सर्दियों में ठंड से बचने के लिए गर्म पानी से नहाना आम बात है, लेकिन जरूरत से ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल त्वचा के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। इससे त्वचा की प्राकृतिक नमी कम होने लगती है और रूखापन, खुजली तथा जलन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. अंशु शर्मा ने बताया कि सर्दियों में त्वचा पहले से ही रूखेपन की समस्या से प्रभावित रहती है। ऐसे में अत्यधिक गर्म पानी से नहाने पर त्वचा में मौजूद प्राकृतिक तेल कम हो जाता है, जिससे त्वचा की नमी प्रभावित होती है। कई बार इससे खुजली, लालिमा और त्वचा में दरारें पड़ने की समस्या भी हो सकती है।
उन्होंने सलाह दी कि सर्दियों में नहाने के लिए हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें और अधिक देर तक न नहाएं। नहाने के तुरंत बाद त्वचा पर मॉइस्चराइजर या क्रीम लगाएं। इसके अलावा साबुन का सीमित इस्तेमाल करें और त्वचा को बार-बार रगड़कर साफ करने से बचें।
डॉ. शर्मा ने बताया कि त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए खानपान पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। विटामिन ए से भरपूर गाजर, टमाटर और सेब जैसे फल एवं सब्जियों को आहार में शामिल करना लाभकारी हो सकता है। ये त्वचा की कोशिकाओं को स्वस्थ रखने में मदद करता है। उन्होंने विटामिन ई के कैप्सूल का सेवन चिकित्सकीय सलाह के बाद ही करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि सर्दियों में त्वचा की नमी बनाए रखना बेहद जरूरी है। यदि लगातार खुजली, जलन या त्वचा में दरारों की समस्या बनी रहे तो चर्म रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।
