चोरी की बाइक बेचने निकला चोर गिरफ्तार, स्प्लेंडर बरामद

चोरी की बाइक बेचने निकला चोर गिरफ्तार, स्प्लेंडर बरामद
कुड़ पुलिस की गिरफ्त में बाइक चोरी का आरोपी और बरामद मोटरसाइकिल।

शादी समारोह की भीड़ का फायदा उठाकर चुराई थी बाइक, साथी के साथ मिलकर दिया था वारदात को अंजाम

नकुड़। शादी समारोह में उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर बाइक चोरी करने वाले शातिर आरोपी को नकुड़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आरोपी चोरी की बाइक को बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के नया गांव निवासी प्रवीण कुमार पुत्र रघुवीर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि सरदार पुत्र महेंद्र के डेरे के पास से अज्ञात चोर उसकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध ने मुखबिर की सूचना पर नकुड़-गंगोह रोड स्थित अध्याना तिराहे पर घेराबंदी कर आरोपी सन्नी उर्फ अमन पुत्र मैनपाल निवासी ग्राम मैनपुरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर नया गांव रोड स्थित डेरे के पास शादी हॉल के बाहर खड़ी बाइक चोरी की थी। वह उसी बाइक को बेचने के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आरोपी के साथी की भूमिका की भी जांच कर रही है।