मानसून सत्र शुरू होने से पहले बोले PM मोदी- ‘उम्मीद है सदन होगा प्रोडक्टिव’, गिनाईं देश की बड़ी उपलब्धियां

मानसून सत्र शुरू होने से पहले बोले PM मोदी- ‘उम्मीद है सदन होगा प्रोडक्टिव’, गिनाईं देश की बड़ी उपलब्धियां

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को संसद भवन परिसर में मीडिया को संबोधित करते हुए उम्मीद जताई कि यह सत्र सकारात्मक और उत्पादक रहेगा। उन्होंने कहा कि जैसे सक्रिय मानसून देश के लिए लाभदायक होता है, वैसे ही यदि संसद का मानसून सत्र भी रचनात्मक ढंग से चले तो इसका लाभ पूरे देश को मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा, “मानसून हो या मानसून सत्र, दोनों यदि प्रो-एक्टिव और प्रोडक्टिव हों तो देश और समाज का कल्याण होता है। हमारी कामना है कि बारिश भी अच्छी हो और संसद की कार्यवाही भी सार्थक एवं परिणाम देने वाली रहे।”

देश की उपलब्धियों का किया जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि बीते एक महीने में भारत ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन पर हर देशवासी को गर्व होना चाहिए। उनके अनुसार विज्ञान, तकनीक, अंतरिक्ष और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में देश लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

अंतरिक्ष क्षेत्र में युवाओं की सफलता का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री ने भारतीय युवाओं की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले वर्ष मानसून सत्र से ठीक पहले एक भारतीय नागरिक इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचा था। वहीं हाल ही में एक भारतीय स्टार्टअप ने अंतरिक्ष क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह केवल संयोग नहीं, बल्कि इस बात का संकेत है कि भारत के युवाओं की प्रतिभा और आकांक्षाएं असीम हैं।

उन्होंने कहा कि देश आज ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर आगे बढ़ रहा है और इसी का परिणाम है कि युवा नए क्षेत्रों में साहसिक कदम उठाकर वैश्विक स्तर पर सफलता हासिल कर रहे हैं।

विकास परियोजनाओं का भी किया उल्लेख

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल के दिनों में शुरू हुई कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में देश को एक बड़ी ऑयल रिफाइनरी समर्पित की गई है। इसके अलावा देश के तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट का शुभारंभ हुआ है और हाल ही में ग्रीन हाइड्रोजन से संचालित ट्रेन भी देश को समर्पित की गई है।

उन्होंने कहा कि भारत की यह हाइड्रोजन ट्रेन दुनिया की सबसे शक्तिशाली इंजन क्षमता वाली और सबसे लंबी ट्रेनों में शामिल है, जो देश की तकनीकी प्रगति और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

कई अहम विधेयकों पर रहेगी नजर

मानसून सत्र के दौरान केंद्र सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक संसद में पेश कर सकती है। ऐसे में इस सत्र पर सरकार और विपक्ष, दोनों की रणनीति के साथ पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।