जिला मुख्यालय पर गरजे आसपा के कार्यकर्ता, नारेबाजी व प्रदर्शन कर प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
सहारनपुर। भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय आह्वान पर शनिवार को सहारनपुर में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंचे, जहां से प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को लेकर आज जुलूस के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे और नारेबाजी की।
आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सचिन खुराना, वरिष्ठ नेता राव केसर सलीम, राष्ट्रीय महासचिव कमल वालिया एवं मीडिया प्रभारी टिंकू कपिल ने कहा कि पूरे देश और प्रदेश में पार्टी तथा भीम आर्मी का आंदोलन सफल रहा। उन्होंने दावा किया कि इस जनदबाव के चलते सरकार को झुकना पड़ा और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने इसे भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी की ताकत तथा युवाओं की एकजुटता का परिणाम बताया। इस अवसर पर पार्टी के जिलाध्यक्ष सचिन खुराना के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में पेपर लीक को देशद्रोह घोषित कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने, प्रभावित छात्रों को न्याय, पुनर्परीक्षा और उचित मुआवजा देने, परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने तथा रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई रोककर छात्रों के भविष्य की रक्षा करने की मांग की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य से जुड़े इन मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए, ताकि शिक्षा व्यवस्था में युवाओं का विश्वास कायम रह सके। प्रदर्शन से पहले प्रशासन ने भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कई पदाधिकारियों को दिनभर उनके घरों पर ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) रखा। इनमें राष्ट्रीय महासचिव कमल वालिया, राजन गौतम, सनी गौतम सहित कई प्रमुख पदाधिकारी शामिल रहे।
