मानदेय बढ़ाने समेत मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन
देवबंद। मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को आवाज बुलंद की। बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिला चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन भेजते हुए मांगों का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वह स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और अभियानों को धरातल तक पहुंचाने में लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं। इसके बावजूद उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप मानदेय नहीं मिल रहा है। कार्यकर्ताओं ने मानदेय बढ़ाकर 26 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने समेत अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया।
ज्ञापन में कहा गया कि अपनी मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ता पूर्व में भी अधिकारियों को अवगत करा चुकी हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है। इससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।
आशा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो 1 अक्टूबर 2026 से कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई।
इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी से मांगों को जिला चिकित्सा अधीक्षक तक पहुंचाकर जल्द समाधान कराने की अपील की। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
