डॉनल्ड ट्रंप के साथ मीटिंग को लेकर PM मोदी से अरविंद केजरीवाल की अपील, ‘चेतावनी दे दीजिए कि…’
अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के साथ बुधवार (17 जून) को भारतीय समय के अनुसार शाम छह बजकर 10 मिनट के करीब पीएम नरेंद्र मोदी की द्विपक्षीय चर्चा होगी. दोनों ही नेता जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए फ्रांस के एवियॉन शहर में हैं. इस बीच दिल्ली के पूर्व सीएम और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी से बड़ी अपील की है. अपने एक्स हैंडल पर केजरीवाल ने एक वीडियो शेयर किया है.
पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री जी, आज आपकी फ्रांस में ट्रंप के साथ वन-टू-वन मीटिंग है. ट्रंप को आज आप साफ-साफ शब्दों में बोल दीजिए. ट्रंप ने हमारे 3 भारतीयों की निर्मम हत्या कर दी, मिसाइल दागी. उन्हें साफ-साफ 140 करोड़ भारतवासियों का संदेश दे दीजिए कि भारत के लोग बहुत नाराज हैं.”
भारतीयों की मौत पर एक ट्वीट तक नहीं किया- केजरीवाल
केजरीवाल ने आगे कहा, “भारत एक महान और शक्तिशाली देश है. भारत इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा. प्रधानमंत्री जी, ट्रंप ने तीन भारतीयों को मौत के घाट उतार दिया. तीन भारतीयों की मौत पर आपने एक ट्वीट तक नहीं किया. आपने कोई संदेश तक नहीं दिया. आपने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना तक नहीं की.”
‘हमें कमजोर प्रधानमंत्री नहीं चाहिए’
इसके साथ ही उन्होंने कहा, “हमें एक शक्तिशाली और बहादुर प्रधानमंत्री की जरूरत है. हमें कमजोर प्रधानमंत्री नहीं चाहिए. हमें चुप रहने वाला प्रधानमंत्री नहीं चाहिए. आज आपको भारत के लोगों का गुस्सा और उनका दुख ट्रंप को बताना पड़ेगा. साफ-साफ शब्दों में ट्रंप को चेतावनी दे दीजिए कि ट्रंप और अमेरिका को भारत के लोगों से माफी मांगनी पड़ेगी, नहीं तो भारत अमेरिका से बदला लेने में सक्षम है.”
