शिवसेना UBT में टूट पर अखिलेश यादव ने उद्धव ठाकरे को सलाह, कहा- बीजेपी से मुकाबला करना है तो…
शिवसेना उद्धव बाला साहेब ठाकरे में टूट के दावों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे को सलाह दी है. लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश ने कहा कि अगर बीजेपी से मुकाबला करना है तो बहादुर लोगों की टीम होनी चाहिए.
इसके साथ ही सपा चीफ अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी में टूट के सवाल पर कहा कि आने वाले समय में बीजेपी को समाजवादी पार्टी से काफी डर है. जिस तरीके से बीजेपी काम करती है और कई दलों को तोड़ चुके हैं.
सपा चीफ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर आप देखेंगे तो उत्तर प्रदेश में भी समाजवादी पार्टी के कई विधायक एमएलसी राज्यसभा उन्होंने तोड़े थे. क्या स्वार्थ रहा होगा? क्या लालच रहा होगा? क्या डर रहा होगा? जो डर जाएगा वो अपना दल छोड़ के चला जाएगा.
‘मैं बीजेपी को तोड़ूंगा नहीं…’
कन्नौज सांसद ने कहा कि आपको याद होगा पिछली बार भी प्रेसवार्ता में ही मैंने कहा था कि अब भारतीय जनता पार्टी को मैं नहीं तोडूंगा. उनके विधायकों को नहीं लेंगे. भारतीय जनता पार्टी जो औरों की पार्टी तोड़ रही है. औरों के सांसद छीन रही है. यूपी में उन्हीं के विधायक तैयारी में हैं पाला बदलने के लिए. और कई ऐसे लोग हैं वो उस समय पर ही पत्ते खोलते हैं. उनका भरोसा ही नहीं. समाजवादी पार्टी मजबूत पार्टी है और समाजवादी पार्टी कई उतार-चढ़ाव दे चुकी है.
अखिलेश ने यह भी कहा कि सपा, बीजेपी से मुकाबले के लिए तैयार है. सपा चीफ अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे वक्त में भी आया है जब सुभासपा चीफ ओपी राजभर यह दावा कर रहे हैं कि सपा में भी टूट हो सकती है.
