सेना के हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग, दोनों पायलट सुरक्षित

- सहारनपुर में तकनीकी खराबी के चलते आपात लैंडिंग के दौरान खड़ा हैलीकॉप्टर एवं मौजूद ग्रामीण।
चिलकाना। जिले के चिलकाना थाना क्षेत्र में यमुना नदी के तटवर्ती गांव में सेना के एक हेलिकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। यह घटना नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुई। हेलिकॉप्टर में सवार दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं और इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि यह हेलिकॉप्टर सरसावा वायुसेना अड्डे का था और तकनीकी खराबी के चलते पायलटों ने आपात लैंडिंग का फैसला लिया। सेना के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने हेलिकॉप्टर को अचानक उतरते देखा जिसके बाद क्षेत्र में हलचल मच गई। हालांकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। सेना ने हेलिकॉप्टर को सुरक्षित स्थान पर ले जाने और तकनीकी जांच के लिए कदम उठाए हैं। यह घटना सैन्य प्रशिक्षण के दौरान उपकरणों की सुरक्षा और सतर्कता के महत्व को दर्शाती है।