अनुराग ठाकुर का हिमाचल सरकार पर हमला, बोले- ‘लॉटरी मॉडल’ युवाओं के भविष्य से खिलवाड़

अनुराग ठाकुर का हिमाचल सरकार पर हमला, बोले- ‘लॉटरी मॉडल’ युवाओं के भविष्य से खिलवाड़

नई दिल्ली: बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश सरकार के प्रस्तावित लॉटरी सिस्टम को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि लॉटरी के जरिए राज्य की जनता, खासकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ठाकुर ने दावा किया कि राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को जनता से पैसा जुटाने का ‘फटा-फट’ मॉडल दिया है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी की पूर्व सरकारों ने लॉटरी पर रोक लगाई थी, ताकि युवा जुए और इससे जुड़ी बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पहले सरकारें युवाओं को जुए की लत से बचाने के लिए लॉटरी से दूर रही हैं, तो अब इसे दोबारा शुरू करने की जरूरत क्यों महसूस की जा रही है।

चुनावी वादों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना

बीजेपी सांसद ने हिमाचल सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान पांच लाख सरकारी नौकरियां देने और महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया था। ठाकुर के मुताबिक, इन वादों पर सरकार अपेक्षित तरीके से अमल नहीं कर सकी और अब लॉटरी के जरिए पैसे जुटाने की कोशिश की जा रही है।

हिमाचल के कर्ज पर जताई चिंता

अनुराग ठाकुर ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश पर 1.10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है और प्रति व्यक्ति कर्ज के मामले में राज्य देश में सबसे ऊपर है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर लगातार सेस और टैक्स लगाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया।

‘लॉटरी वापस नहीं हुई तो सड़क पर उतरेंगे युवा’

लॉटरी सिस्टम को लेकर ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से प्रस्ताव वापस लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए, जो युवाओं और प्रदेश के लोगों के भविष्य को प्रभावित करे।

ठाकुर ने चेतावनी दी कि अगर हिमाचल प्रदेश में लॉटरी सिस्टम लागू किया गया तो बीजेपी और राज्य के युवा इसका विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को इस प्रस्ताव को तुरंत वापस लेना चाहिए, वरना बीजेपी और युवा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

Leave a Reply