अंकित बालियान हत्याकांड: CCTV में दिखे संदिग्ध शूटर, 200 पुलिसकर्मियों के साथ STF ने संभाला मोर्चा

अंकित बालियान हत्याकांड: CCTV में दिखे संदिग्ध शूटर, 200 पुलिसकर्मियों के साथ STF ने संभाला मोर्चा

शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान की जिम से बाहर निकलते ही गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हत्यारोपितों तक पहुंचने के लिए आठ थानों की पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम समेत करीब 200 पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। वहीं, मेरठ जोन के एडीजी के निर्देश पर एसटीएफ भी आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को बदमाशों की गतिविधियों से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि वारदात को अंजाम देने के लिए कम उम्र के शूटरों का इस्तेमाल किया गया।

सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध बदमाश नजर आए हैं। इनमें से दो ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे, जबकि एक बदमाश पीठ पर बैग लटकाए दिखाई दिया। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और उनकी गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

जांच टीमों ने मोबाइल सर्विलांस, डंप डेटा और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपितों के संभावित भागने के रास्तों को ट्रैक करना शुरू कर दिया है। लोनी बॉर्डर और हरियाणा सीमा से सटे इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

शामली पुलिस ने मामले में पड़ोसी जिलों की पुलिस से भी समन्वय बढ़ाया है। एसपी शामली ने सोनीपत के एसपी और सीआईए टीम से बातचीत कर हत्याकांड से जुड़े इनपुट साझा किए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों तक पहुंचने के लिए जांच को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply