आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने समस्याओं को लेकर उठाई आवाज, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
- सहारनपुर में प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन देती आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां
सहारनपुर। जनपद में अखिल भारतीय आंगनवाड़ी कर्मचारी महासभा के बैनर तले आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन से शिकायत दर्ज कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।
जिलाध्यक्ष पूनम शर्मा के नेतृत्व में कार्यकत्रियों ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रमाण पत्रों का सत्यापन तो कराया गया, लेकिन कई स्थानों पर विभागीय स्तर पर गलत प्रविष्टियां दर्ज कर दी गई हैं, जिससे अनेक कार्यकत्रियों को उनका देय भुगतान नहीं मिल पा रहा है। कार्यकत्रियों ने आरोप लगाया कि उनके कार्यों की अनदेखी की जा रही है। महत्वपूर्ण ड्यूटी जैसे जनगणना में भी उन्हें शामिल नहीं किया जा रहा, जबकि अन्य कई कार्य उनसे निःशुल्क कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही वर्षों से मानदेय एवं अन्य भुगतानों में देरी की समस्या भी बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग की ओर से अनावश्यक दबाव बनाया जाता है और विरोध करने पर सेवा समाप्ति की धमकियां दी जाती हैं।
कार्यकत्रियों का कहना है कि काम का बोझ लगातार बढ़ाया जा रहा है, लेकिन सुविधाएं और भुगतान समय पर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जल्द प्रभावी कार्रवाई की जाए। इस दौरान पूनम शर्मा (जिलाध्यक्ष), अनुषमा त्यागी, बदरीना देवी, राकेशवती, गीता देवी, पुष्पा देवी, रानी, रेखा रानी, सविता, सुदेश देवी, सुरेश सैनी, रीना देवी, सोनिया, पूनम रानी, गीता शर्मा, मनुराधा, कविता त्यागी और नरेन्द्र दत्त शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
