अमित शाह दो दिवसीय मुंबई दौरे पर, पहली बार एशियाटिक सोसाइटी जाएंगे
दुर्लभ पुस्तकों की प्रदर्शनी देखेंगे, हिंदी राजभाषा सम्मेलन में होंगे शामिल
मुंबई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस सप्ताह दो दिवसीय मुंबई दौरे पर रहेंगे। रविवार, 13 सितंबर को वह फोर्ट स्थित एशियाटिक सोसाइटी का दौरा करेंगे, जबकि सोमवार को वाशी में आयोजित हिंदी राजभाषा सम्मेलन में शामिल होंगे।
अमित शाह के एशियाटिक सोसाइटी दौरे को खास माना जा रहा है। हाल ही में हुए सोसाइटी के चुनाव चर्चा में रहे थे। चुनाव में भाजपा और दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं के ‘एशियाटिक टुमॉरो’ समूह ने जीत दर्ज की थी। चुनाव के बाद भाजपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. विनय सहस्रबुद्धे सोसाइटी के अध्यक्ष चुने गए।
दुर्लभ पुस्तकों की प्रदर्शनी देखेंगे शाह
दौरे के दौरान अमित शाह को सोसाइटी में संरक्षित दुर्लभ पुस्तकों की विशेष प्रदर्शनी दिखाई जाएगी। बताया गया है कि अध्यक्ष बनने के बाद डॉ. विनय सहस्रबुद्धे ने अमित शाह को पत्र लिखकर सोसाइटी का दौरा करने का अनुरोध किया था। गृह मंत्री ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।
यह पहली बार होगा जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एशियाटिक सोसाइटी का दौरा करेंगे। सोसाइटी के पदाधिकारियों को उम्मीद है कि इस दौरान संस्था से जुड़ी लंबित मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय हो सकता है।
फडणवीस और शिंदे रहेंगे साथ
मुंबई दौरे के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी गृह मंत्री के साथ रहेंगे। एशियाटिक सोसाइटी के दौरे के बाद अमित शाह सोमवार को वाशी में आयोजित हिंदी राजभाषा सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
इससे पहले अमित शाह तीन दिवसीय गोवा दौरे पर गए थे। वहां उन्होंने भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय भवन ‘अटल भवन’ का उद्घाटन किया था। इसके अलावा उन्होंने नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध ड्रग सप्लाई चेन के खिलाफ केंद्र और राज्यों की ओर से चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी भी साझा की थी।
