अंकित बालियान की हत्या पर अखिलेश का बड़ा बयान, ‘यूपी का जाट समुदाय आक्रोशित’

अंकित बालियान की हत्या पर अखिलेश का बड़ा बयान, ‘यूपी का जाट समुदाय आक्रोशित’

उत्तर प्रदेश के शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले पर सियासत गर्म हो गई हैं. सिंगर की जिस तरह सरेआम हत्या की गई उसे लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है और प्रदेश की कानून-व्यवस्था सवाल उठाए हैं.

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “उप्र की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है, उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है.”

अखिलेश यादव ने साधा निशाना

सपा मुखिया ने आगे कहा कि, “मृतक की दुखी मां के द्वारा अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होने का समाचार हृदयविदारक है. जाट समाज ने हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर ही अपनी मांग बुलंद की है. यूपी का समस्त जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है. इस हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के दृष्टिकोण से भी किए जाने की मांग उठ रही है. बेहद निंदनीय.”

हरियाणवी सिंगर की सरेआम हत्या

बता दें कि शामली जिले में हरियाणवी और पश्चिमी यूपी के लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने बेहद बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया.

शामली पुलिस ने बताया कि डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि बंटीखेड़ा निवासी मृतक अंकित बालियान को जिम से निकलते समय 3-4 अज्ञात लोगों ने गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही शामली कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की.

दो बाइक पर आए थे आरोपी

पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि पुलिस को शाम करीब 7 बजे सूचना प्राप्त हुई कि अंकित बालियान कोतवाली शहर में एक जिम में एक्सरसाइज करने आते थे, जैसे ही वह वहां से निकले, उन्हें गोली मारी गई. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया.

अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार चार लड़के थे, जो दो बाइक पर आए थे. हम मामले की जांच कर रहे हैं. मौके से हमें दो-तीन खोखे मिले थे. पूरी टीम मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की पहचान की जा रही है.

Leave a Reply