‘BJP की वजह से दुनिया में बदनामी…’, आगरा में धंसी सड़कों को लेकर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल

‘BJP की वजह से दुनिया में बदनामी…’, आगरा में धंसी सड़कों को लेकर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल

आगरा में सोमवार को आई भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर सड़कें धंस गईं, जिनमें कई गाड़ियां फंस गई. इसे लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य में सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के भ्रष्टाचार से दुनिया भर में देश की छवि खराब हो रही है.

अखिलेश यादव ने उठाए आगरा के हाल पर सवाल

सपा मुखिया ने एक्स पर कहा- ‘भाजपा ने उप्र को बदनामी के सिवा और कुछ नहीं दिया है. आगरा में दुनियाभर के पर्यटक सैकड़ों साल पहले बनी शानदार इमारतों और निर्माणों को देखकर जब आश्चर्य से दांतों तले उँगली दबा रहे होते हैं तो उसी समय उनके सपने जैसी अवस्था तुरंत झटका खाती है क्योंकि उनकी गाड़ी भाजपा के समय में, अभी हाल बनी किसी सड़क के गड्ढे में धंसकर उनका सारा स्वप्न तोड़ देती है.

भाजपा का भ्रष्टाचार दुनियाभर में देश की छवि ख़राब कर रहा है. इससे सब जगह ये संदेश जाता है कि उप्र की भाजपा सरकार बेहद भ्रष्ट है क्योंकि वो उस आगरा तक का ख़्याल नहीं रखती है जहाँ समस्त विश्व से पर्यटक आते हैं तो बाक़ी शहरों की क्या दुर्दशा होगी.

आगरा में फैली आर्थिक मंदी का कारण सिर्फ़ भाजपा की भ्रष्ट नीतियाँ हैं. यहाँ की पर्यटन, होटल, गाइड, टैक्सी, टूर आपरेटर्स इंडस्ट्री से लेकर दालमोठ-पेठे, हस्तशिल्प, संगमरमर की कलाकृतियों व जूते तक का हर कारोबार भाजपा के कारण ठप्प-सा हो गया है.

इन पर्यटकों में ही दुनिया के जानेमाने राजनेता, पूंजीपति, उद्योगपति व निवेशक भी होते हैं, जो इस बदइंतज़ामी और बदहाली को देखकर उप्र में निवेश के लिए एक पैसा भी नहीं लगाना चाहते हैं. दूसरी तरफ़ उप्र के मुखिया जी के मुख से निकले दुर्वचन बताते हैं कि उप्र में भेदभाव का स्तर, हर सीमा लांघ चुका है.

भाजपाइयों के इस पक्षपातपूर्ण रवैये से डरकर भी इन्वेस्टर्स उप्र में अपना पैसा नहीं फँसाना चाहते हैं. सोशल के साथ ही लेबर अनरेस्ट और बिजली-पानी-सड़क-यातायात की ध्वस्त व्यवस्था की तस्वीरें भी पूरी दुनिया में प्रदेश को बदनाम कर रही हैं. भाजपा जाए तो, आगरा फिर खिलखिलाए!’

बारिश की वजह से कई जगह धंसी सड़कें

बता दें कि आगरा में सोमवार को भारी बारिश के बाद कई जगहों पर सड़कें धंस गईं थी. वहीं आवास विकास सेक्टर-4 में तो सड़क 15-20 फ़ीट तक धँस गई, जिसमें ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पूरी तरह समा गईं. जिसके बाद यहां के विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.

Leave a Reply