20 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा कृषि विभाग का कर्मचारी, एंटी करप्शन की बड़ी कार्रवाई
- सहारनपुर में रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया कृषि विभाग का कर्मचारी।
सहारनपुर। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने कृषि विभाग के एक टेक्नीशियन को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अमरनाथ निवासी ग्राम दीदपुरा (अंबेहटा पीर, थाना नकुड़) ने आरोप लगाया कि कृषि विभाग का कर्मचारी अरुण कुमार उसकी दुकान में कमियां निकालकर कार्य के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। बताया जाता है कि जैसे ही आरोपी ने 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगेहाथ पकड़ लिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अपने पद का दुरुपयोग करते हुए किसानों और दुकानदारों से अवैध वसूली कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना जनकपुरी लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
