अपर मंडलायुक्त ने की सर्किट हाउस में हुई विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा
- सहारनपुर में सर्किट हाऊस सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा करते अपर मंडलायुक्त प्रशासन रमेश यादव।
सहारनपुर। अपर मंडलायुक्त प्रशासन रमेश यादव ने कहा कि संबंधित अधिकारी आईजीआरएस पर प्राप्त प्रकरणों का समयबद्धता एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। अपर मंडलायुक्त श्री यादव आज मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार के निर्देशों के क्रम में सर्किट हाउस सभागार में सीएम डैश बोर्ड पर विकास कार्यों, कर करेत्तर एवं राजस्व कार्यों तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में हिंडन नदी की साफ सफाई के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार कर नोडल सिंचाई विभाग सहित सभी संबंधित विभाग अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करें।
नदी के किनारे जल शुद्धिकरण में सहायक वनस्पतियों का सघन पौधारोपण कराया जाए। कृषकों को ऑर्गेनिक फॉर्मिंग के लिए प्रोत्साहित किया जाए। नदी किनारे औद्योगिक इकाइयों पर सख्त निगरानी करते हुए कूड़ा कचरा न डालने हेतु आमजन को जागरूक किया जाए। डे एनआरएलएम, सी एम आवास योजना, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नमामि गंगे, फैमिली आईडी, 15वाँ वित्त, पर्यटन, सीएम युवा उद्यमी, सेतु निगम एवं वृद्धावस्था पेंशन में खराब रैंकिंग में नाराजगी व्यक्ति करते हुए निर्देश दिए कि नए वित्तीय वर्ष में कार्यशैली में सुधार लाते हुए कार्य करें। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग आगामी बैठक में अपने कार्यों की पीपीटी बनाकर प्रस्तुतीकरण दें।
आईजीआरएस पर प्राप्त प्रकरणों का समयबद्धता एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सभी विभाग विकास कार्यों में प्राप्त रैकिंग को उच्चतम श्रेणी में लाएं। कर करेत्तर एवं राजस्व प्राप्ति की समीक्षा में उन्होने निर्देश दिए कि चकबन्दी विभाग 05 वर्ष से पुराने सभी चकबंदी वादों का निस्तारण यथाशीघ्र सुनिश्चित करें साथ ही तीन वर्ष पुराने वादों को निपटाया जाए। आबकारी, गन्ना विभाग, मंडी विभाग, खनन, परिवहन एवं राजस्व विभाग अपनी वसूली बढ़ाते हुए रैंकिंग में सुधार लाएं। वाणिज्य कर विभाग नए स्तर में लक्ष्य प्राप्ति की सहजता के लिए प्रारंभ से ही कार्य करना सुनिश्चित करें ताकि बैकलॉग न रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहारनपुर सलिल कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहारनपुर राम आसरे वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त दुष्यंत कुमार सिंह, उप निदेशक पंचायत हरिकेश बहादुर, डीआईजी स्टाम्प अखिलेश दुबे, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, जल निगम, चिकित्सा सहित संबंधित विभागों के मण्डल एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
